


रिपोर्ट : ललित जोशी
स्थान : नैनीताल

सरोवर नगरी नैनीताल स्थित राजभवन गोल्फ कोर्स एक बार फिर भव्य आयोजन का गवाह बनने जा रहा है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने शुक्रवार को आयोजित गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट के कर्टेन रेजर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि 20वां गवर्नर्स कप गोल्फ टूर्नामेंट 30 मई से 1 जून 2025 तक आयोजित किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर से 177 गोल्फर हिस्सा लेंगे।


इस बार टूर्नामेंट की खास बात यह है कि इसमें एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता एवं अर्जुन पुरस्कार प्राप्त अमित लूथरा और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान, पद्मश्री एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता जफर इकबाल जैसे दिग्गज भी भाग ले रहे हैं, जिससे आयोजन को विशेष गरिमा मिली है।


राज्यपाल ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता में 6 वर्ष की उम्र से लेकर 80 वर्ष तक के प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इसमें 6 सुपर वेटरन (75+), 32 वेटरन (65–75), 95 सामान्य वर्ग, 11 महिला गोल्फर, तथा 33 जूनियर (19 बालक व 14 बालिका) प्रतिभागी शामिल हैं। यह भागीदारी गोल्फ के प्रति लोगों के बढ़ते जुनून को दर्शाती है।


राज्यपाल ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य न केवल खेल को बढ़ावा देना, बल्कि नैनीताल जैसे पर्यटन स्थल को वैश्विक पटल पर पहचान दिलाना भी है। राजभवन गोल्फ कोर्स की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक महत्व को और उभारने के लिए 18 होल्स के नाम हिमालयी पर्वत श्रृंखलाओं एवं नदियों पर रखे गए हैं।

उन्होंने बताया कि स्कूली बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिए हाल ही में इंटर स्कूल गोल्फ टूर्नामेंट और प्रशिक्षण शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें कई छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। साथ ही गोल्फ कोर्स का क्षेत्र बर्ड वॉचिंग के लिए भी प्रसिद्ध है, जहां 160 से अधिक पक्षी प्रजातियाँ देखी जा सकती हैं।


राज्यपाल ने उत्तराखण्ड को ‘खेलभूमि’ बनाने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है।

उन्होंने टूर्नामेंट के आयोजन में सहयोग कर रहे इंडियन ऑयल, ओएनजीसी, टूरिज्म डिपार्टमेंट, हीरो ग्रुप, सिडकुल, टाटा मोटर्स, अशोक लीलैंड, मिल्टन ग्रुप, ग्राफिक एरा, यूपीईएस, डीआईटी विश्वविद्यालय, एसबीआई, टीएचडीसी और आदित्य बिरला ग्रुप सहित अन्य प्रायोजकों का आभार भी व्यक्त किया।

राजभवन गोल्फ क्लब के कैप्टन कर्नल विवेक भट्ट ने बताया कि प्रतियोगिता तीन दिनों तक चलेगी, जिसका शुभारंभ 30 मई को सुबह 8:30 बजे राज्यपाल द्वारा टी-ऑफ के साथ किया जाएगा।
कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव रविनाथ रामन, अपर सचिव स्वाति एस. भदौरिया, परिसहाय अमित श्रीवास्तव, मेजर सुमित कुमार, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, एवं संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय आदि मौजूद रहे।


