


स्थान : सितारगंज
रिपोर्ट : तनवीर अंसारी


नगर के वार्ड नंबर 2 स्थित बंधन बैंक शाखा के खिलाफ आज दर्जनों महिलाओं ने कोतवाली पहुंचकर बैंक स्टाफ पर उत्पीड़न और वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगाया। पीड़ित महिलाओं ने कहा कि उन्होंने बैंक को समय पर पूरा पैसा जमा किया, लेकिन राशि ऑनलाइन जमा नहीं दिखाई गई, जिससे उनकी सिविल स्कोर (क्रेडिट रिपोर्ट) खराब हो गई है। इतना ही नहीं, जमा राशि के बावजूद महिलाओं को किस्त न भरने के नोटिस भी भेजे जा रहे हैं।



महिलाओं के साथ वार्ड के सभासद अविनाश वाल्मीकि और रेहान अंसारी भी कोतवाली पहुंचे और मामले की गंभीरता को देखते हुए बैंक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि बैंक की लापरवाही से उनका मानसिक और आर्थिक शोषण हो रहा है।



कोतवाली में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद बंधन बैंक स्टाफ मौके पर पहुंचा और महिलाओं की शिकायतों को सुना। बैंक प्रतिनिधियों ने लिखित रूप में एक माह का समय मांगा है, जिसमें सभी शिकायतों के निस्तारण का आश्वासन दिया गया है।




गौरतलब है कि यह बंधन बैंक शाखा महिलाओं को स्वयं सहायता समूह बनाकर लोन वितरण का कार्य करती है। शिकायतकर्ता महिलाओं का कहना है कि यदि एक माह के भीतर समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगी।


सभासद अविनाश वाल्मीकि ने कहा कि यदि पीड़ितों को न्याय नहीं मिला तो वे प्रशासनिक अधिकारियों से मिलकर बैंक की जांच कराने की मांग करेंगे। वहीं, रेहान अंसारी ने भी बैंक के रवैये को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए इसकी शिकायत जिला प्रशासन तक पहुंचाने की बात कही।



