


स्थान : चंपावत
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट


चम्पावत। 31 मई को विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर जनपद चम्पावत में तम्बाकू के सेवन और बिक्री पर रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इस क्रम में पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जिले के समस्त थाना और चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे सार्वजनिक स्थलों एवं शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में तम्बाकू उत्पादों की बिक्री और सेवन पर रोक सुनिश्चित करें।



एसपी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार 31 मई तक सभी थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत स्कूल-कॉलेजों के पास तम्बाकू बेचने या सेवन करने वालों के विरुद्ध कोटपा एक्ट (COTPA) के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम जनमानस, विशेषकर छात्र-छात्राओं को तम्बाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए भी विशेष अभियान चलाने को कहा गया है।



एसपी अजय गणपति ने बताया कि तम्बाकू का सेवन युवाओं में तेजी से बढ़ता जा रहा है, जिससे भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में पुलिस विभाग इस दिशा में जनजागरूकता के साथ-साथ कड़ी निगरानी और कार्रवाई दोनों सुनिश्चित कर रहा है।



उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और अपने आसपास तम्बाकू की अवैध बिक्री या सेवन की जानकारी पुलिस को दें, ताकि “स्वस्थ चम्पावत, नशा मुक्त चम्पावत” की दिशा में ठोस कदम बढ़ाए जा सकें।




