लालकुआँ: पेयजल कार्यों में तेजी के निर्देश, एक माह में पूर्ण करने का अल्टीमेटम

लालकुआँ: पेयजल कार्यों में तेजी के निर्देश, एक माह में पूर्ण करने का अल्टीमेटम

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी,

उत्तराखण्ड राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष (दर्जा राज्यमंत्री) दिनेश आर्य और स्थानीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने नगर पंचायत लालकुआँ के सभागार में पेयजल एवं नाली सफाई कार्यों को लेकर विभागीय अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की।

राज्यमंत्री दिनेश आर्य ने बैठक में उत्तराखंड पेयजल निगम द्वारा लालकुआँ शहरी क्षेत्र में संचालित उच्च जलाशय, ट्यूबवेल, पाइप लाइन निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पेयजल निर्माण कार्यों को आगामी एक माह में हर हाल में पूर्ण करें, ताकि बरसात से पूर्व नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में चल रही पेयजल योजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली और कहा कि जनहित के इन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बरसात के मौसम को देखते हुए नहरों व नालों की सफाई कार्य में तेजी लाने के आदेश भी दिए गए।

इस दौरान क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लेकर पेयजल से जुड़ी समस्याओं को राज्यमंत्री व अधिकारियों के समक्ष रखा और समाधान की मांग की। विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने अधिकारियों से कहा कि आम जनता को निर्बाध पेयजल आपूर्ति मिले, इसके लिए भौतिक निरीक्षण और समयबद्ध कार्यप्रणाली सुनिश्चित की जाए।

बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे