

पौड़ी

रिपोर्ट भगवान सिंह

विश्व प्रसिद्ध राहु मंदिर (पैठाणी) के विकास को लेकर अब योजनाएं जमीन पर उतरने लगी हैं। रविवार शाम जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने विकास खण्ड थलीसैंण के पैठाणी स्थित राहु मंदिर का निरीक्षण किया और मंदिर परिसर व पहुंच मार्ग के समग्र विकास हेतु विस्तृत मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।



निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर तक पहुंच मार्ग और पैठाणी बाजार में पार्किंग स्थल का भी अवलोकन किया और मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से बातचीत करते हुए उन्होंने मंदिर को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की।


जनप्रतिनिधियों ने बताया कि यदि प्रस्तावित मार्ग और पार्किंग की सुविधा सुलभ हो जाती है तो श्रद्धालु सीधे पार्किंग से मंदिर तक आसानी से पैदल पहुंच सकेंगे। इससे जहां श्रद्धालुओं को सुविधा होगी वहीं स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।


जल संरक्षण और हेलीपैड निर्माण पर भी फोकस
डॉ. चौहान ने अधिकारियों को सारा (Spring and River Rejuvenation Authority) अभियान के तहत मंदिर के आसपास मौजूद जल स्रोतों व दोनों नदियों के संगम क्षेत्र की सफाई कराने के निर्देश दिए।


साथ ही हेलीपैड निर्माण हेतु उपयुक्त स्थल का चिन्हांकन करने को कहा, जिससे भविष्य में तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को उच्चस्तरीय सुविधा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान पैठाणी व्यापार सभा अध्यक्ष नरेंद्र नेगी, पूर्व गढ़वाल मंडल विकास निगम उपाध्यक्ष राजेंद्र रौथाण समेत कई स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


