

नैनीताल

कोतवाली मल्लीताल में वाहन चोरी के मामलों में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद नैनीताल पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मल्लीताल क्षेत्र के मंगोली इलाके से दो वाहन चोरों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।



वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नगर प्रमोद साह व प्रभारी निरीक्षक हेम चंद्र पंत के पर्यवेक्षण में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व वरिष्ठ उप निरीक्षक दीपक बिष्ट ने किया।


ऐसे हुआ खुलासा

पूर्व में दर्ज एफआईआर नंबर 17/2025, 19/2025, 26/2025 और 27/2025 के तहत वाहन चोरी की घटनाओं की जांच की जा रही थी। पुलिस टीम ने मल्लीताल क्षेत्र में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों का गहन विश्लेषण किया, जिसमें कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को चोरी की गई बाइकों के साथ जाते हुए देखा गया।


मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मंगोली क्षेत्र से दो संदिग्धों को रूकुट कम्पाउंड से चोरी हुई अपाचे बाइक के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने न केवल मल्लीताल, बल्कि हल्द्वानी, रामनगर, और बाजपुर जैसे क्षेत्रों से भी बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की।

जंगल में छिपाई गई थीं चोरी की बाइक
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने नलनी के पास जंगल से सड़क से करीब 100 मीटर अंदर छिपाई गई 8 अन्य मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इस प्रकार पुलिस ने कुल 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई
दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की भी तलाश में जुट गई है।

पुलिस टीम की सराहना
इस सफल ऑपरेशन के लिए नैनीताल पुलिस टीम की सराहना की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम के कार्य को सराहते हुए इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है, जिससे क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।


