

हल्द्वानी

शहर के महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में चल रही प्रदर्शनी के दौरान सोमवार को एक अशोभनीय घटना सामने आई। एक युवक द्वारा एक महिला का वीडियो बनाए जाने पर महिला ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी युवक को पकड़ने के बाद पूर्व पार्षद महेंद्र कश्यप अपने कुछ साथियों सहित वहां पहुंचे और युवक को बचाने की कोशिश करने लगे। इस पर स्थानीय लोगों ने नाराज़गी जताते हुए पूर्व पार्षद को जमकर खरी-खोटी सुनाई।



राजनीतिक पृष्ठभूमि भी आई सवालों में
सूत्रों के अनुसार, पूर्व पार्षद महेंद्र कश्यप भाजपा से जुड़े रहे हैं, लेकिन उन्हें पिछले नगर निगम चुनाव में टिकट नहीं मिला था और जनता ने उन्हें करारी हार दी थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि, “जो नेता बेटियों की सुरक्षा के बजाय आरोपियों को बचाते हैं, उन्हें समाज में कोई स्थान नहीं मिलना चाहिए।”


बताया जा रहा है कि आरोपी युवक के साथ पूर्व पार्षद का बेटा भी मौजूद था। घटना को लेकर माहौल गर्म रहा और भीड़ ने आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस कार्रवाई
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि महिला द्वारा अब तक कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं दी गई है, जिस कारण पुलिस फिलहाल पूछताछ के आधार पर जांच कर रही है।

थाना पुलिस के अनुसार, “यदि महिला शिकायत दर्ज कराती है, तो मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक से पूछताछ की जा रही है।”



