लोहाघाट: स्कूटी और बाइक की भिड़ंत में पांच घायल, एक गंभीर

लोहाघाट: स्कूटी और बाइक की भिड़ंत में पांच घायल, एक गंभीर

स्थान लोहाघाट ( चंपावत)
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

मायावती मार्ग पर बनीगांव के पास रविवार शाम को एक स्कूटी और बाइक में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कूटी पर सवार तीन नाबालिग और बाइक पर सवार एक पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को लोहाघाट उप-जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर सुमित जोशी ने उनका प्राथमिक उपचार किया।

डॉ. जोशी ने जानकारी दी कि चार घायलों की हालत खतरे से बाहर है, लेकिन स्कूटी सवार एक किशोर के पैर में गंभीर चोटें आने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।

घायलों की पहचान:

  • स्कूटी सवार नाबालिग:
    • ईशान बोरा (11), निवासी आदर्श कॉलोनी
    • अमित बोरा (16), निवासी आदर्श कॉलोनी
    • जतिन पुनेठा (16), निवासी फोर्ती
  • बाइक सवार:
    • अंकित (20), पुत्र पुष्कर कुमार
    • पुष्कर कुमार (45), पुत्र गोविंद कुमार, निवासी बनीगांव

घटना की सूचना पर 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। टीम के एएसआई गोपाल सनवाल ने घटना की जानकारी ली और मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत की।

नाबालिगों को वाहन न सौंपने की अपील

एएसआई सनवाल ने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को दोपहिया वाहन न दें, क्योंकि यह कानूनी अपराध है और ऐसी लापरवाही हादसों की बड़ी वजह बन सकती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की घटनाएं सामने आती हैं तो पुलिस अभिभावकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर सकती है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बच्चे चुपचाप घर से स्कूटी की चाबी लेकर सैर पर निकल गए थे। खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष द्वारा पुलिस को घटना की कोई तहरीर नहीं सौंपी गई है।