13 साल की बेटी से पिता ने किया दुष्कर्म, हालत गंभीर, आरोपी फरार

13 साल की बेटी से पिता ने किया दुष्कर्म, हालत गंभीर, आरोपी फरार

हल्द्वानी

नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर से एक बार फिर मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मुखानी थाना क्षेत्र में एक पिता ने अपनी ही 13 वर्षीय नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म कर रिश्तों को कलंकित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जबकि पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता सातवीं कक्षा की छात्रा है और अपने माता-पिता के साथ मुखानी क्षेत्र में रहती है। बताया गया है कि घटना उस समय घटी जब बच्ची की मां घर पर नहीं थी। पिता ने बच्ची के साथ जबरन दुष्कर्म किया और उसे धमकाया कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो वह उसे जान से मार देगा।

बेटी की हालत बिगड़ने पर हुआ खुलासा

घटना के बाद बच्ची की तबीयत खराब हो गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मां के पूछने पर बच्ची ने आपबीती बताई, जिसके बाद पीड़िता की मां उसे लेकर तुरंत मुखानी थाने पहुंची और पुलिस को तहरीर सौंपी। पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल भिजवाया।

पोक्सो एक्ट सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज

मुखानी थाना पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (दुष्कर्म), 506 (धमकी) और पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं

पुलिस का बयान

थानाध्यक्ष मुखानी ने बताया कि, “यह घटना बेहद गंभीर और संवेदनशील है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।”


: