
रिपोर्ट – भगवान सिंह, देवप्रयाग
काशी और हरिद्वार की तर्ज पर गंगा घाट को विश्व मानचित्र पर लाने का संकल्प
देवप्रयाग, 17 मई।
गढ़वाल लोकसभा सांसद अनिल बलूनी ने शुक्रवार को माँ गंगा की पावन उद्गम स्थली देवप्रयाग में गंगा आरती कर सभी के कल्याण की मंगल कामना की। पवित्र संगम स्थल पर आरती के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ मिलकर गंगा माँ का आशीर्वाद प्राप्त किया।



गंगा आरती के उपरांत सांसद बलूनी ने स्थानीय विधायक विनोद कंडारी और देवप्रयाग नगर पालिका अध्यक्ष ममता देवी के साथ नगर क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने गंगा घाट को तीर्थाटन और पर्यटन की दृष्टि से और अधिक सुविधाजनक तथा आकर्षक बनाने पर विशेष बल दिया।


सांसद बलूनी ने कहा, “देवप्रयाग गंगा की उद्गम स्थली है और इसे विश्व मानचित्र पर काशी और हरिद्वार की तरह स्थापित करने के लिए हम हरसंभव प्रयास करेंगे।”
उन्होंने बताया कि घाट का समुचित विकास होने से न केवल तीर्थाटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि पर्यटकों की संख्या में वृद्धि के साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।


सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घाट की साफ-सफाई, रोशनी, घाट तक पहुँचने की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि गंगा तट पर धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित कर देवप्रयाग को एक आदर्श तीर्थ स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।


