धारचूला उप जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों की भारी कमी, स्वास्थ्य सेवाएं बेहाल

धारचूला उप जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों की भारी कमी, स्वास्थ्य सेवाएं बेहाल

धारचूला पिथोरागढ़

रिपोर्ट-नदीम परवेज़

सीमांत क्षेत्र धारचूला स्थित उप जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों की भारी कमी से मरीजों को इलाज के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। 20 स्वीकृत पदों के सापेक्ष मात्र 09 डॉक्टर ही कार्यरत हैं, जिनमें से तीन डॉक्टर पीजी ट्रेनिंग पर हैं और दो डॉक्टरों को पिथौरागढ़ अटैच किया गया है। ऐसे में 11 पद पूरी तरह रिक्त हैं।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी आवश्यकता
चिकित्सालय के प्रभारी डॉ. राजेश सिंह गुन्जियाल ने जानकारी दी कि अस्पताल में चाइल्ड स्पेशलिस्ट, स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं सर्जन की सख्त जरूरत है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर की सुविधा मौजूद है, लेकिन सर्जन की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को हायर सेंटर रेफर करना पड़ता है। इसके अलावा अल्ट्रासाउंड तकनीशियन और फार्मासिस्ट की भी तत्काल आवश्यकता है।

नेपाल से भी आते हैं मरीज
धारचूला की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यहां सीमा पार नेपाल से भी मरीज इलाज के लिए आते हैं, जिससे यहां के अस्पताल की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। डॉक्टरों और तकनीकी स्टाफ की कमी के बावजूद जैसे-तैसे व्यवस्थाएं चलाई जा रही हैं, लेकिन स्टाफ मिलने पर इलाज स्थानीय स्तर पर ही संभव होगा।

स्थानीय नेताओं और संगठनों ने उठाई आवाज
व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र थापा ने सरकार से अनुरोध किया है कि वह अस्पताल की बदहाल स्थिति पर ध्यान दे और डॉक्टरों की तत्काल नियुक्ति करे। उन्होंने कहा कि “धारचूला उप जिला चिकित्सालय की सरकार ने कहीं न कहीं दुर्गति कर दी है।”

सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा के सक्रिय सदस्य देव कृष्ण फकलियाल ने भी सरकार की उपेक्षा पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि अगर आवश्यकता पड़ी तो स्थानीय स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने जन औषधि केंद्र की दवाओं की कमी पर भी सवाल उठाए और कहा कि मरीजों को बाहर से महंगी दवाएं खरीदनी पड़ती हैं, जिससे गरीब वर्ग प्रभावित हो रहा है।

जनता की मांग
स्थानीय जनता की मांग है कि:

  • पीजी में गए डॉक्टरों की वापसी कराई जाए
  • पिथौरागढ़ अटैच डॉक्टरों को धारचूला वापस भेजा जाए
  • आवश्यक विशेषज्ञ डॉक्टरों की तत्काल तैनाती हो
  • जन औषधि केंद्र में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए