

हरिद्वार

भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। पंजाब के बठिंडा आर्मी कैंट से एक संदिग्ध पाकिस्तानी जासूस को पकड़ा गया है, जिसकी पहचान उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के लक्सर निवासी रकीब के रूप में हुई है।



सूत्रों के मुताबिक, रकीब बठिंडा कैंट में बीते लगभग पांच वर्षों से टेलर (दर्जी) के रूप में कार्यरत था। गुप्तचर एजेंसियों और पंजाब पुलिस द्वारा संयुक्त कार्रवाई में उसे हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रकीब सेना से जुड़ी गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान को भेज रहा था।


पंजाब पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर हरिद्वार पुलिस भी सक्रिय हो गई है। बुधवार को लक्सर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत डॉसनी गांव स्थित रकीब के घर पर पुलिस टीम ने पहुंचकर छानबीन की। इस दौरान पुलिस ने परिजनों से पूछताछ भी की है।


हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है और जांच को लेकर गोपनीयता बरती जा रही है। मामला संवेदनशील होने के कारण एजेंसियां हर पहलू पर गहनता से जांच कर रही हैं।

बताया जा रहा है कि रकीब की गतिविधियों पर सेना और खुफिया एजेंसियों की नजर पहले से थी और उसे कुछ समय से ट्रैक किया जा रहा था।


