

स्थान: चंपावत
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

पूर्णागिरि मेले से जुड़ी झूठी और भ्रामक सूचना सोशल मीडिया पर फैलाने के आरोप में चंपावत पुलिस ने एक युवक को उत्तर प्रदेश के बाराबंकी से गिरफ्तार किया है। एसपी चंपावत अजय गणपति के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।



12 मई को टनकपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर DURGESH_RAJPUT4490 नामक आईडी से एक एडिटेड वीडियो पोस्ट किया गया था, जिसमें श्रद्धालुओं को जाम में फंसा हुआ, फायरिंग और सायरन की आवाज सुनकर भागते हुए दिखाया गया। जबकि वास्तविकता में पूर्णागिरि मेला क्षेत्र में ऐसी कोई घटना नहीं घटी थी।



जांच में पाया गया कि वीडियो पुराने जाम के फुटेज को संपादित कर बनाया गया था, जिससे श्रद्धालुओं के बीच भय और भ्रम का माहौल उत्पन्न हुआ। मामले की गंभीरता को देखते हुए टनकपुर पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।


इंस्टाग्राम अकाउंट धारक की पहचान दुर्गेश राजपूत पुत्र सुरेश राजपूत, निवासी ग्राम बिठौरा, थाना रामनगर, जनपद बाराबंकी (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस टीम ने उ0नि0 तेज कुमार के नेतृत्व में अभियुक्त को बाराबंकी से गिरफ्तार कर लिया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसपी अजय गणपति ने आमजन से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, झूठी, धार्मिक या साम्प्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाली पोस्ट को बिना सत्यापन के शेयर या लाइक न करें। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों पर चंपावत पुलिस की कड़ी नजर है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


