सिंगोली गांव में फिर लौटे गुलदार के कदम, पालतू पशु पर किया हमला, ग्रामीणों में दहशत

सिंगोली गांव में फिर लौटे गुलदार के कदम, पालतू पशु पर किया हमला, ग्रामीणों में दहशत

रानीखेत

ताड़ीखेत विकासखंड के सिंगोली गांव में एक बार फिर गुलदार की दहशत फैल गई है। बीते दिन गुलदार ने गांव निवासी सुरेंद्र सिंह पवार के पालतू पशु पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना के बाद से ग्रामीणों में डर का माहौल है और लोग अकेले घरों से बाहर निकलने से कतराने लगे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि दो वर्ष पूर्व भी गांव गुलदार के आतंक से जूझ चुका है। 29 जून 2023 को गुलदार ने गांव में घास काट रही एक बुजुर्ग महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इसके अलावा एक पूर्व सैनिक भी गुलदार के हमले में घायल हुआ था। उन दिनों गुलदार ने कई मवेशियों को भी शिकार बना लिया था।

ग्रामीणों की मांग पर तब वन विभाग ने इलाके में ट्रैप कैमरे लगाए और लोकेशन ट्रेस करने के बाद पिंजरा लगाया गया। कुछ समय बाद गुलदार को पिंजरे में कैद कर लिया गया था, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली थी लेकिन अब एक बार फिर गुलदार की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

ग्रामीणों ने गुलदार की सूचना वन विभाग को दे दी है और सुरक्षा की मांग की है। इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी ने गुरुवार को गांव का निरीक्षण करने की बात कही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द गुलदार को पकड़ा जाए ताकि लोग चैन की सांस ले सकें।