रेलवे द्वारा रास्ता बंद किए जाने पर घोड़ानाला वर्मा कॉलोनी में हंगामा, ग्रामीणों ने काम रुकवाया

रेलवे द्वारा रास्ता बंद किए जाने पर घोड़ानाला वर्मा कॉलोनी में हंगामा, ग्रामीणों ने काम रुकवाया

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

रेलवे प्रशासन द्वारा लालकुआँ के घोड़ानाला स्थित वर्मा कॉलोनी के पास रेलवे पटरी किनारे बने रास्ते को लोहे के खंभों से बेरिकेडिंग कर बंद कर दिए जाने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फूट पड़ा। गुस्सा ग्रामीणों ने रेलवे अधिकारियों से तीखी नोकझोंक की और काम को तत्काल रुकवा दिया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। अधिकारियों की मौजूदगी में सुरक्षा घेरे में काम दोबारा शुरू कराया गया।

स्थानीय निवासी सुनील प्रसाद ने बताया कि वर्मा कॉलोनी में हजारों की संख्या में लोग निवास करते हैं और उनका आवागमन केवल रेलवे पटरी किनारे से होकर ही होता है।

ऐसे में रेलवे द्वारा रास्ता बंद कर देना आमजन के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। उन्होंने कहा कि इस रास्ते के बंद हो जाने से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को विशेष रूप से आपातकालीन स्थिति में भारी परेशानी उठानी पड़ेगी।

ग्रामीणों ने मांग की है कि वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था किए बिना इस प्रकार रास्ता बंद करना जनहित के विरुद्ध है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि रेलवे ने समाधान नहीं निकाला, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।