

स्थान : लोहाघाट ( चंपावत)
रिपोर्ट : लक्ष्मण बिष्ट


चंपावत जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंपावत श्री अजय गणपति के नेतृत्व में जिले भर में नशा तस्करों के विरुद्ध चल रही ताबड़तोड़ कार्रवाई के क्रम में लोहाघाट क्षेत्र से एक बड़े चरस तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।


एसपी चंपावत के निर्देश पर एसएचओ लोहाघाट श्री अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस, एसओजी और एएनटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा लोहाघाट थाना क्षेत्र के मानेश्वर स्थित एक परचून की दुकान पर छापेमारी की गई।


छापेमारी का परिणाम:
तलाशी के दौरान पुलिस को दुकान में रखे एक बैग से 1 किलो 379.5 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दुकानदार ललित मोहन जोशी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को लोहाघाट थाने लाया गया, जहां उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।



आरोपी का खुलासा:
पूछताछ के दौरान आरोपी ललित मोहन जोशी ने बताया कि वह यह चरस अपने घर पर ही तैयार करता था। पुलिस अब इस दिशा में आगे की जांच कर रही है कि आरोपी को कच्चा माल कहां से मिलता था और उसका नेटवर्क कितना बड़ा है।

न्यायालय में पेशी:
मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया। मामले की विवेचना चौकी प्रभारी बाराकोट हरीश प्रसाद द्वारा की जा रही है।

लगातार जारी है अभियान:
चंपावत पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत अब तक कई नशा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। एसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जिले को नशा मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे।




