


रिपोर्ट : भगवान सिंह
स्थान :पौड़ी गढ़वाल


जनपद पौड़ी में ड्रग तस्करी और मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए मादक पदार्थों के स्रोतों को चिन्हित कर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करें।



इसी के अंतर्गत थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र में चीला नहर पटरी के समीप ग्राम कुनाऊ से लगे वन क्षेत्र में फैली भांग की अवैध खेती के नष्टिकरण की कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला संतोष पैथवाल ने तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया, जिन्होंने वन क्षेत्र में फैले भांग के पौधों का चिन्हीकरण कर उन्हें नष्ट किया।


इस संयुक्त अभियान में थाना पुलिस टीम के साथ-साथ वन विभाग की टीम ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। आज की कार्रवाई में ग्राम कुनाऊ के समीप लगभग तीन से चार बीघा क्षेत्र में फैली भांग की फसल को नष्ट किया गया।


थानाध्यक्ष संतोष पैथवाल ने बताया कि इस क्षेत्र में भांग के पौधे अभी तैयार हो रहे हैं, जिन्हें समय रहते नष्ट करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि असामाजिक तत्व इनका प्रयोग नशे के रूप में न कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि वन विभाग के सहयोग से आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।


संयुक्त कार्रवाई में ये अधिकारी रहे शामिल:
पुलिस टीम से उपनिरीक्षक अभिनव शर्मा, भानु प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल सुनील राठी, पंकज, देवेश, शेखर, जबकि वन विभाग से डिप्टी रेंजर रमेश दत्त कोठियाल, वन आरक्षी नीलम, जवार पयाल और बलवंत आदि मौजूद रहे।


यह कार्रवाई पुलिस-वन विभाग के समन्वय से मादक पदार्थों के विरुद्ध एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र में नशे के बढ़ते प्रभाव पर प्रभावी अंकुश लगेगा।




