देवप्रयाग में ट्रक और तेल टैंकर की भीषण टक्कर, हाईवे पर लगा लंबा जाम

देवप्रयाग में ट्रक और तेल टैंकर की भीषण टक्कर, हाईवे पर लगा लंबा जाम

रिपोर्ट : भगवान सिंह
स्थान : देवप्रयाग

एनएच-07 पर देवप्रयाग तहसील के समीप आज शाम एक भीषण सड़क हादसे में ट्रक और तेल टैंकर की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और लंबा जाम लग गया।

सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक (UK07 CC-1400) को नौसाद पुत्र सलीम (40 वर्ष), निवासी झबरेड़ा, रुड़की चला रहा था। ट्रक में उसके साथ आसिफ पुत्र यामीन (24 वर्ष) भी मौजूद था। यह ट्रक श्रीनगर से ईंट खाली कर रुड़की लौट रहा था।

वहीं सामने से आ रहा तेल टैंकर (UP14 ST-9723) पपेन्द्र पुत्र लखपत सिंह, निवासी बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश चला रहा था। टैंकर गाजियाबाद से मैठाणा की ओर जा रहा था। टक्कर में ट्रक सवार एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे तत्काल सीएचसी देवप्रयाग में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

प्रशासन ने मौके पर क्रेन मंगवाकर दोनों वाहनों को हटाने की कार्रवाई शुरू की और हाईवे को खोलने की प्रक्रिया जारी है। इस हादसे के कारण यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।

हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की गंभीर जनहानि की सूचना नहीं है।