भारत-पाक तनाव के बीच हरिद्वार पुलिस का युद्धकाल जैसी तैयारी का अभ्यास, रोशनाबाद में बलवा ड्रिल आयोजित

भारत-पाक तनाव के बीच हरिद्वार पुलिस का युद्धकाल जैसी तैयारी का अभ्यास, रोशनाबाद में बलवा ड्रिल आयोजित

हरिद्वार

भारत-पाकिस्तान सीमा पर बढ़े तनाव के बीच हरिद्वार पुलिस ने भी युद्धकाल जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए व्यापक अभ्यास किया। पुलिस लाइन रोशनाबाद में बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसमें जिलेभर के पुलिस थानों और शाखाओं से पहुंचे जवानों ने भाग लिया।

एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की अगुवाई में आयोजित इस अभ्यास में भीड़ नियंत्रण, टीयर गैस, वाटर कैनन और बल प्रयोग की तकनीकों को रियल टाइम परखा गया। ड्रिल में विशेष रूप से ध्यान दिया गया कि कैसे किसी आक्रोशित भीड़ को पहले चेतावनी दी जाए और फिर आवश्यकता पड़ने पर नियंत्रित किया जाए।

हरिद्वार पुलिस ने साफ किया है कि फोर्स किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। आम जनता से अपील की गई है कि वे निश्चिंत रहें लेकिन सतर्कता बनाए रखें। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और सभी जवानों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी डोबाल ने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत और प्रभावी प्रतिक्रिया दी जा सके, ताकि आम जनजीवन प्रभावित न हो।”