

रिपोर्ट- भगवान सिंह

देवप्रयाग

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज अपनी पत्नी के साथ देवभूमि उत्तराखंड के पावन तीर्थ देवप्रयाग पहुँचकर संगम तट पर माँ गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना की। भगवान राम की तपोस्थली माने जाने वाले इस पवित्र स्थल पर उन्होंने लगभग एक घंटे तक धार्मिक भाव से पूजन किया और भागीरथी, अलकनंदा और गंगा के त्रिवेणी संगम को निहारते हुए भावुक हो उठे।



मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार दोपहर सड़क मार्ग से देवप्रयाग पहुँचे। उन्होंने संगम स्थल पर कहा, “देवभूमि में आकर मेरा मन अत्यंत प्रसन्न और भावुक हो गया है। यह स्थान आस्था, शांति और ऊर्जा से परिपूर्ण है।”



मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को बढ़ावा देना कृषि क्षेत्र के विकास की नींव है। “अगर जल बचेगा, तो खेती बचेगी और देश समृद्ध बनेगा।” उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और हरसंभव सहयोग करती रहेगी।

देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया और उन्हें भगवान श्रीराम की कलाकृति भेंट की। पूजा कार्यक्रम का आयोजन पंडित राजा थपलियाल द्वारा संपन्न कराया गया।


इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष ममता देवी, विनोद बिष्ट, दीवान कैन्तुरा, सुधीर मिश्रा, शशि ध्यानी, रुक्मणि देवी, राहुल कोटियाल, सुचिता असवाल, रेखा भट्ट, शुभा तिवारी, शालिनी ध्यानी, सरिता कर्नाटक, सुरेंद्र पालीवाल, माधव मेवाड़ गुरु सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



