

नैनीताल

नैनीताल में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म की अमानवीय घटना पर हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने गहरी नाराज़गी और चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इस कृत्य को बेहद निंदनीय और समाज को झकझोर देने वाला बताया।



विधायक हृदेश ने कहा, “जो भी व्यक्ति इस जघन्य अपराध में संलिप्त है, उसे कठोर से कठोर सजा मिलनी चाहिए। ऐसी दरिंदगी किसी भी धर्म, जाति या वर्ग से हो, वह पूरी तरह अस्वीकार्य है।” उन्होंने प्रदेश और नैनीतालवासियों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पुलिस और प्रशासन को सहयोग देना हम सभी का दायित्व है।


उन्होंने जनता को चेताया कि “कानून को अपने हाथ में लेने से स्थिति और अधिक बिगड़ सकती है। कोई भी ऐसा कदम न उठाएं जिससे कानून व्यवस्था बाधित हो या किसी निर्दोष को परेशानी हो।”


पर्यटन नगरी नैनीताल में घटित इस शर्मनाक घटना से जहां एक ओर जनाक्रोश है, वहीं विधायक ने यह भी कहा कि “घूमने आए पर्यटकों को कोई असुविधा न हो, इसका ध्यान रखना भी जरूरी है। हम सभी की जिम्मेदारी है कि अमन-चैन और सौहार्दपूर्ण वातावरण बना रहे।”

विधायक हृदेश ने यह भी स्पष्ट किया कि वे स्वयं इस प्रकरण पर नजर रखे हुए हैं और प्रशासन से मांग करेंगे कि पीड़िता को न्याय मिले और आरोपी को सख्त से सख्त सजा दी जाए।


