


रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

स्थान-रामनगर


रामनगर के फाटो जोन में पहुंचे बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी, जंगल सफारी का उठाया आनंद
नेचर गाइड और पर्यटकों में दिखा उत्साह, अभिनेता ने प्रशंसकों संग बिताया quality time


रामनगर (उत्तराखंड)। बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता और एक्शन हीरो सुनील शेट्टी ने तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो पर्यटन जोन में जंगल सफारी का आनंद लिया। उनके अचानक फाटो जोन पहुंचने से वहां मौजूद नेचर गाइड, जिप्सी चालक और पर्यटक बेहद उत्साहित हो उठे। अभिनेता ने न केवल रोमांचक सफारी का लुत्फ उठाया बल्कि अपने प्रशंसकों के साथ खुलकर तस्वीरें भी खिंचवाईं।


सुबह की हल्की धूप, ठंडी हवाओं और हरियाली के बीच सफारी पर निकले सुनील शेट्टी बेहद तरोताजा और प्रसन्न नजर आए। जैसे ही वह फाटो जोन के मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंचे, वहां मौजूद सभी लोग उन्हें देखकर चकित रह गए और उनके साथ फोटो लेने का कोई मौका नहीं गंवाया। अभिनेता ने भी बेहद सादगी और गर्मजोशी से सभी का स्वागत किया और धैर्यपूर्वक सभी के साथ फोटो खिंचवाईं।

वन्यजीवों से रूबरू हुए एक्शन स्टार
सफारी के दौरान सुनील शेट्टी ने जंगल के प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता का नजदीक से अनुभव किया। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ प्रकाश आर्य ने जानकारी दी कि अभिनेता को हिरणों के झुंड, बारहसिंगा, नीलगाय और कई रंग-बिरंगे पक्षियों की दुर्लभ प्रजातियों के दर्शन हुए, जिससे वे काफी प्रभावित नजर आए।


अभिनेता ने सफारी के दौरान नेचर गाइड से बातचीत कर जंगल के इको-सिस्टम, वन्यजीव संरक्षण, और पर्यावरणीय महत्व की विस्तृत जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने वन संरक्षण के प्रति गंभीरता और जागरूकता भी दिखाई, जो उनके पर्यावरण प्रेम को दर्शाता है।प्रशंसकों के लिए बना यादगार दिन
फाटो पर्यटन जोन में मौजूद लोगों के लिए यह दिन खास बन गया। अभिनेता की सादगी, अपनापन और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता ने सभी को प्रभावित किया। पर्यटकों और गाइड्स ने बताया कि यह अनुभव उनके लिए कभी न भूलने वाला रहेगा।



