जल भराव की समस्या पर नगर निगम सख्त, रेनवाटर हार्वेस्टिंग पर जोर

जल भराव की समस्या पर नगर निगम सख्त, रेनवाटर हार्वेस्टिंग पर जोर

देहरादून

रिपोर्ट -सचिन कुमार

बारिश का मौसम शुरू होते ही देहरादून शहर में जल भराव की समस्या एक बार फिर सामने आ रही है। शहर के कई इलाकों में मामूली बारिश के बाद ही सड़कों पर पानी भर जाता है, जिससे न केवल ट्रैफिक जाम जैसी समस्याएं होती हैं, बल्कि लोगों को आने-जाने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

इसी को ध्यान में रखते हुए दून नगर निगम ने कमर कस ली है। नगर आयुक्त नमामी बंसल ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम जल भराव को लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि “निश्चित रूप से जल भराव एक बड़ी समस्या है और इससे निपटने के लिए नगर निगम ने प्रभावित इलाकों की पहचान कर ली है। उन क्षेत्रों के लिए विशेष योजनाएं भी तैयार की जा चुकी हैं।”

नगर आयुक्त ने यह भी बताया कि नगर निगम रेनवाटर हार्वेस्टिंग को बढ़ावा देने की दिशा में भी काम कर रहा है। इससे न सिर्फ जल भराव की समस्या कम की जा सकेगी, बल्कि जल संरक्षण की दिशा में भी अहम कदम उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि “रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के जरिए हम बारिश के पानी को संरक्षित कर सकेंगे, जिससे भविष्य में पानी की किल्लत को भी रोका जा सकेगा।”

नगर निगम की यह पहल आने वाले दिनों में देहरादून को जल भराव से राहत दिलाने में कितना सफल होती है, यह तो समय ही बताएगा, लेकिन प्रशासन की तैयारी और गंभीरता से यह जरूर प्रतीत होता है कि इस बार समस्या को जड़ से सुलझाने का इरादा है।