नैनीताल आने वाले पर्यटकों के लिए ट्रैफिक प्लान जारी, कई मार्गों पर डायवर्जन और शटल सेवा व्यवस्था

नैनीताल आने वाले पर्यटकों के लिए ट्रैफिक प्लान जारी, कई मार्गों पर डायवर्जन और शटल सेवा व्यवस्था

स्थान -हल्द्वानी,नैनीताल

वीकेंड और पर्यटक सीजन को ध्यान में रखते हुए नैनीताल, भीमताल, भवाली व कैंचीधाम की ओर जाने वाले पर्यटकों के लिए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। भारी भीड़भाड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर डायवर्जन, पार्किंग और शटल सेवाओं की व्यवस्था की गई है। साथ ही, भारी वाहनों के आवागमन पर भी समयबद्ध प्रतिबंध लागू रहेगा।

मुख्य ट्रैफिक दिशा-निर्देश:

बरेली रोड से आने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर होते हुए गौलापार रोड व नारीमन तिराहा, काठगोदाम से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर भेजे जाएंगे।

रुद्रपुर की ओर से आने वाले वाहन पंतनगर तिराहा (दिनेशपुर मोड़) से एनएच-109 होते हुए लालकुआं, फिर तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा भेजे जाएंगे। जो वाहन हल्द्वानी पहुंच जाते हैं, उन्हें गन्ना सेंटर तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा।

रामनगर-बाजपुर की ओर से आने वाले वाहन कालाढूंगी होते हुए मंगोली के रास्ते अपने गंतव्य को जाएंगे।

शनिवार और रविवार को सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों का पर्वतीय मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

हल्द्वानी की ओर आने वाले भारी वाहन जनपद सीमा, नम्बर 1 बैंड, एचएमटी तिराहा व अमृतपुर मोड़ पर रोके जाएंगे।

आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहन जैसे दूध, सब्जी, ईंधन आदि भी दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक प्रतिबंधित रहेंगे।

काठगोदाम में यातायात दबाव बढ़ने पर दोपहर 3 बजे के बाद नैनीताल/भवाली की ओर से मैदानी क्षेत्रों को लौटने वाले पर्यटक वाहन रूसी बाईपास से होते हुए कालाढूंगी मार्ग से भेजे जाएंगे।

पार्किंग और शटल सेवा व्यवस्था:

नैनीताल, भीमताल और भवाली में स्थित पार्किंग स्थल यदि 70% से अधिक भर जाते हैं, तो शेष वाहनों को हल्द्वानी स्थित आईएसबीटी गौलापार के पास अस्थाई पार्किंग में रोककर वहीं से शटल सेवा द्वारा पर्वतीय क्षेत्रों को भेजा जाएगा।

कालाढूंगी की ओर से आने वाले पर्यटक वाहन, नैनीताल पार्किंग भरने की स्थिति में रूसी-1 व नारायण नगर की अस्थायी पार्किंग में रोके जाएंगे।

हल्द्वानी की ओर से आने वाले पर्यटक वाहन, रूसी-2 पार्किंग (हल्द्वानी रोड) में खड़े किए जाएंगे।

नम्बर-1 बैंड व ज्योलिकोट की ओर से आने वाले पर्यटक, भवाली सैनेटोरियम व रातीघाट मार्ग पर पार्क किए जाएंगे और वहीं से शटल सेवा द्वारा कैंचीधाम भेजे जाएंगे।

भीमताल मार्ग से आने वाले पर्यटक, विकास भवन भीमताल से शटल सेवा द्वारा कैंचीधाम और भवाली की ओर भेजे जाएंगे।

प्रशासन का अनुरोध:

प्रशासन ने समस्त पर्यटकों, वाहन चालकों व आमजन से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित रूट प्लान व दिशा-निर्देशों का पालन करें, जिससे सभी की यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।