कालाढूंगी में तीन बाइकों की टक्कर से भीषण हादसा, आग लगने से दो की मौत, दो गंभीर

कालाढूंगी में तीन बाइकों की टक्कर से भीषण हादसा, आग लगने से दो की मौत, दो गंभीर

स्थान – हल्द्वानी

कालाढूंगी थाना क्षेत्र के चकलुवा-हल्द्वानी मार्ग पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन बाइकों की आपस में जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइकों में आग लग गई और दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

हादसा चकलुवा स्थित वन विकास निगम के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद बाइकों से चिंगारी निकली और सड़क पर फैले पेट्रोल के संपर्क में आने से आग भड़क गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बाइक सवारों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

हादसे के बाद कुछ ही पलों में घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने किसी तरह घायलों को आग से बाहर निकाला और राहत कार्य में मदद की। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।