

रिपोर्ट-सचिन कुमार

स्थान -देहरादून

शहर में डेंगू का कहर बढ़ता जा रहा है। एक ओर जहां मरीजों की संख्या में इज़ाफा हो रहा है, वहीं दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीमें इसे नियंत्रित करने में जुटी हैं। देहरादून के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि अब तक जिले में डेंगू के कुल 29 मामलों की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें से 17 मरीज देहरादून जनपद के हैं और 12 अन्य जिलों से संबंधित हैं।



प्राइवेट अस्पतालों में ज्यादा मामले
सीएमओ के अनुसार, डेंगू के अधिकांश मामले निजी अस्पतालों से सामने आए हैं। इसके मद्देनज़र विभाग की नजरें इन अस्पतालों पर विशेष रूप से टिकी हुई हैं और सभी अस्पतालों को एडवाइजरी जारी की जा चुकी है।


नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई
डॉ. शर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी के नेतृत्व में नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमें लगातार डेंगू पर नियंत्रण के लिए कार्य कर रही हैं। शहर के अलग-अलग वार्डों में आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से डेंगू के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके साथ ही नगर निगम द्वारा फॉगिंग की कार्रवाई भी निरंतर जारी है।

लार्वा नष्ट करने का अभियान तेज़
डेंगू के मच्छरों के पनपने वाले स्थलों पर विशेष ध्यान देते हुए, लार्वा नष्ट करने का काम तेजी से किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जहां भी डेंगू के लक्षण पाए जा रहे हैं, वहां फौरन टीम भेजी जा रही है।

जनता से सहयोग की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वह अपने घर और आसपास पानी इकट्ठा न होने दें, कूलर और गमलों की नियमित सफाई करें, और डेंगू से बचाव के लिए मच्छरदानी व रिपेलेंट का उपयोग करें।



