तेज़ हवा, शॉर्ट सर्किट और लापरवाही: किसान की मेहनत लपटों में स्वाहा

तेज़ हवा, शॉर्ट सर्किट और लापरवाही: किसान की मेहनत लपटों में स्वाहा

रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

लोकेशन-: रामनगर

एक गरीब किसान के जीवन की सबसे काली दोपहर। बिजली की लापरवाही और कुदरत की मार ने उस किसान से उसकी सारी उम्मीदें छीन लीं। टांडामल्लू क्षेत्र में खेत में अचानक लगी आग ने गेहूं की पूरी खड़ी फसल को जलाकर राख कर दिया। किसान के अनुसार, यह फसल उसके पूरे साल की कमाई और बच्चों के पेट भरने का एकमात्र सहारा थी।

यह हादसा तब हुआ जब खेत में महिलाएं गेहूं की कटाई कर रही थीं। दोपहर के समय अचानक बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ, चिंगारी निकली और तेज़ हवाओं के साथ आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया। प्रत्यक्षदर्शी महिलाओं ने बताया कि लपटें उनके चेहरे तक पहुंच रही थीं और अगर कुछ देर और होती, तो उनकी जान भी जा सकती थी।

“मेरे पांच बच्चे हैं… अब किसके पास जाऊं?”
– ये शब्द उस किसान के हैं जिसकी फसल उसकी आंखों के सामने राख हो गई। उन्होंने बताया कि यह ज़मीन उन्होंने ठेके पर ली थी और गेहूं के बाद सब्ज़ी की खेती करने की योजना थी। लेकिन अब उनका सब कुछ खत्म हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली की लाइनें खेत के ऊपर से गुजरती थीं और तेज़ हवा में उनके आपस में टकराने से चिंगारी निकली।

स्थानीय आक्रोश और प्रशासन की चुप्पी
घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर नष्ट हो चुका था। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि इन बिजली लाइनों की स्थिति बहुत खराब है और विभाग की अनदेखी का खामियाज़ा एक मेहनती किसान को भुगतना पड़ा है।

ज़रूरत है जवाबदेही की, राहत की और सुधार की।
अब सवाल उठता है कि क्या इस किसान को मुआवज़ा मिलेगा? क्या बिजली विभाग को जवाबदेह ठहराया जाएगा? और क्या ऐसी घटनाएं भविष्य में रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे