

लोकेशन – टिहरी

चारधाम यात्रा के सुचारु संचालन और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के मद्देनज़र जनपद टिहरी गढ़वाल के पुलिस कप्तान आयुष अग्रवाल ने एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णय लिया है। जिले में सिपाहियों की कमी को देखते हुए उन्होंने अग्रिम आदेश तक सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर रोक लगा दी है।



आकस्मिक कारणों को मिलेगी अनुमति
हालाँकि यह रोक आकस्मिक परिस्थितियों पर लागू नहीं होगी, लेकिन ऐसी स्थिति में छुट्टी पुलिस अधीक्षक की अनुमति से ही स्वीकृत की जाएगी। इसके लिए छुट्टी का कारण लिखित रूप में स्पष्ट करना अनिवार्य होगा।


चारधाम यात्रा 30 अप्रैल से प्रारंभ, टिहरी जिला अहम केंद्र
गौरतलब है कि चारधाम यात्रा 30 अप्रैल से शुरू हो रही है और टिहरी जिला इस यात्रा का प्रमुख ट्रांजिट पॉइंट है, जहां से गंगोत्री और यमुनोत्री के लिए यात्राएं संचालित होती हैं। यहां लोकल वाहनों का भारी आवागमन होता है, जिससे ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पर अतिरिक्त भार रहता है।


सिर्फ 140 सिपाही, फिर भी बेहतर व्यवस्था की तैयारी
पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बताया कि “वर्तमान में जनपद में मात्र 140 सिपाही उपलब्ध हैं, लेकिन हम इसी व्यवस्था के साथ चारधाम यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं।“

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कोई भी थाना प्रभारी या निरीक्षक बिना उनकी अनुमति के किसी सिपाही को छुट्टी नहीं देगा। सभी पुलिसकर्मियों को यात्रा अवधि में पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया गया है।


