

स्थान -देहरादून


हाल ही में घोषित उत्तराखंड बोर्ड हाई स्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में पछुआ दून क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों ने कुल मिलाकर संतोषजनक प्रदर्शन किया है। लेकिन विकासनगर क्षेत्र के बद्रीपुर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) में कक्षा 12वीं के रसायन विज्ञान विषय का परिणाम शिक्षा विभाग के लिए चिंता का विषय बन गया है।



रसायन विज्ञान में 14 छात्रों का परिणाम रहा शून्य या असंतोषजनक
मीडिया से बातचीत में खंड शिक्षा अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि, “जहां अन्य विद्यालयों के परिणाम सामान्य रूप से ठीक रहे, वहीं बद्रीपुर जीआईसी के 12वीं कक्षा में रसायन विज्ञान विषय के 14 छात्रों का परिणाम शून्य या बेहद खराब रहा है, जो चिंताजनक है।“



विषय प्रवक्ता से मांगा गया स्पष्टीकरण, होगी विभागीय जांच
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि विभागीय स्तर पर इस विषय में संबंधित प्रवक्ता से जानकारी ली जा रही है। रसायन विज्ञान के अध्यापक से स्पष्टीकरण प्राप्त होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।


उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा परिणामों में आई इस गिरावट के पीछे की वजहों की गहराई से जांच की जाएगी, ताकि भविष्य में छात्रों की शिक्षा पर इसका प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।


