

स्थान -सेलाकुई (देहरादून)

बुधवार दोपहर सेलाकुई स्थित निगम रोड पर एक तेज रफ्तार अल्टो कार ने स्कूली छात्र-छात्राओं व राह चलते लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पुलिस और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को ग्राफिक एरा अस्पताल पहुंचाया गया।



इस हादसे में एक युवती और सात स्कूली छात्र-छात्राएं घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल एक छात्र और एक छात्रा की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।



स्कूल से लौटते समय हुआ हादसा, सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा दृश्य
यह दर्दनाक हादसा तब हुआ जब राजकीय इंटर कॉलेज सेलाकुई के छात्र-छात्राएं स्कूल की छुट्टी के बाद अपने घरों की ओर लौट रहे थे। हादसे का पूरा दृश्य पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जो जांच में सहायक होगा।


आरोपी चालक गिरफ्तार, खुद भी घायल
घटना को अंजाम देने वाला चालक विक्रांत कुमार, जो कि मानसिक चिकित्सालय में तैनात एक स्वास्थ्यकर्मी बताया जा रहा है, दुर्घटना के बाद घायल हो गया। उसे भी उपचार के लिए निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों को दी गई सूचना, जांच जारी
पुलिस द्वारा सभी घायलों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने मौका मुआयना किया और कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर विस्तृत जांच की जाएगी। घटना से क्षेत्र में गहरा आक्रोश और चिंता का माहौल है।


