लालकुआं क्षेत्र में मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर व्यापक निरीक्षण, नालों की सफाई व आपदा प्रबंधन पर दिए गए निर्देश

लालकुआं क्षेत्र में मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर व्यापक निरीक्षण, नालों की सफाई व आपदा प्रबंधन पर दिए गए निर्देश

स्थान -लालकुआं (नैनीताल)

आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए लालकुआं क्षेत्र में संबंधित विभागों के साथ संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खड्डी मोहल्ला, रेलवे कॉलोनी, बंगाली कॉलोनी और घोड़ा नाला समेत अन्य इलाकों में जल निकासी व्यवस्था और संभावित आपदा क्षेत्रों का जायजा लिया गया।

नालों की सफाई और ड्रेनेज प्लान पर जोर

निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत को सभी नालों की त्वरित सफाई के निर्देश दिए गए, साथ ही सिंचाई विभाग को क्षेत्र के लिए एक प्रभावी ड्रेनेज प्लान तैयार करने का आदेश दिया गया है।

रेलवे कॉलोनी में वायर मेश लगाने और नालों की नियमित सफाई के लिए रेलवे विभाग को निर्देशित किया गया है।

विद्यालयों और बिजली व्यवस्था में सुधार के निर्देश

प्राथमिक विद्यालयों की चारदीवारी व मरम्मत के लिए शिक्षा विभाग को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आवश्यक कार्य समय से पूर्ण किया जा सके। वहीं बंगाली कॉलोनी और घोड़ा नाला क्षेत्र में खराब विद्युत पोलों की मरम्मत हेतु बिजली विभाग को जरूरी कार्यवाही करने के आदेश दिए गए हैं।

संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष ध्यान

इंद्रा नगर, संजय नगर, खुरिया खत्ता और बिंदुखत्ता जैसे क्षेत्रों में भू कटाव व आपदा संभावित बिंदुओं का निरीक्षण किया गया। 532 मीटर लंबी बाढ़ सुरक्षा दीवार के निर्माण हेतु DPR पहले ही भेजी जा चुकी है।

गौला रेंज के 3-4 अति संवेदनशील बिंदुओं पर मानसून से पहले चैनलाइजेशन कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि भारी बारिश के दौरान किसी प्रकार की जनहानि या नुकसान से बचा जा सके।