

स्थान:लोहाघाट (चंपावत)
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट


कश्मीर के पहुलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले में 28 निर्दोष पर्यटकों की मौत से पूरे देश में शोक और आक्रोश का माहौल है। इस दर्दनाक घटना का असर लोहाघाट में भी देखने को मिला, जहां बुधवार शाम लोहाघाट संघर्ष समिति ने अध्यक्ष विपिन गोरखा के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला और गांधी पार्क में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना सभा आयोजित की गई।

पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी, केंद्र से की बड़ी कार्रवाई की मांग
मार्च के दौरान लोगों ने “पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारे लगाए और हमले को कायरतापूर्ण करार देते हुए तीव्र विरोध जताया। पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष भूपाल सिंह मेहता, डीडी पांडे, शैलेंद्र राय सहित अन्य गणमान्य लोगों ने कहा कि यह घटना आतंक की पराकाष्ठा है, और इससे पूरे देश को गहरा आघात पहुंचा है।



वक्ताओं ने केंद्र सरकार से मांग की कि इस हमले पर गंभीरता से संज्ञान लिया जाए और आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जाए। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि आतंकियों ने नाम पूछ-पूछ कर हिंदुओं को निशाना बनाया, जो बेहद निंदनीय और समाज को बांटने की साजिश है।


देश में असुरक्षा की भावना, जनता में गुस्सा
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि देश की जनता दहशत और असुरक्षा की भावना से घिर गई है। संघर्ष समिति ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि पाकिस्तान और आतंकवादियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

“घटना ने देश को झकझोर दिया”
संघर्ष समिति ने बयान जारी कर कहा कि, “यह हमला केवल एक क्षेत्र विशेष पर नहीं, पूरे देश की आत्मा पर प्रहार है।” समिति ने जनता से एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ खड़े होने की अपील की।


