

स्थान:लोहाघाट
रिपोर्ट: लक्ष्मण बिष्ट

जिले के बाराकोट क्षेत्र में जंगलों में लगी भीषण आग ने लड़ीधुरा, टाड़ी और ईजड़ा के बड़े हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया है। तेज हवाओं के चलते आग ने जंगल से होते हुए मुख्य सड़कों और गांवों की ओर रुख कर लिया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।



दोपहर में टाड़ी के जंगलों में शुरू हुई आग कुछ ही समय में विकराल रूप ले चुकी थी। इसके बाद शाम होते-होते ईजड़ा के जंगलों में भी आग भड़क गई। ग्रामीणों की सूचना पर लोहाघाट से फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और प्रभारी हंसदास सागर के नेतृत्व में आग बुझाने का प्रयास जारी है।


वन संपदा को हुआ भारी नुकसान
भीषण आग के चलते बड़े क्षेत्र में फैली वन संपदा को गंभीर नुकसान पहुंचा है। काली कुमाऊं रेंजर राजेश जोशी ने बताया कि लड़ीधुरा के जंगलों में लगी आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। फायर ब्रिगेड और वन विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और ग्रामीणों की मदद से आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया जा रहा है।



तेज हवाएं बढ़ा रही हैं मुश्किलें
तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल रही है, जिससे अग्निशमन दल को आग पर काबू पाने में अतिरिक्त चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, फायर ब्रिगेड प्रभारी हंसदास सागर ने आश्वासन दिया है कि आग पर जल्द ही काबू पा लिया जाएगा।

स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड में
प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें अलर्ट मोड पर हैं, और आसपास के गांवों को भी सतर्क किया गया है। स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है, ताकि आग को और फैलने से रोका जा सके।


