
रिपोर्ट – रिहान ख़ान
स्थान – हल्द्वानी
नैनीताल जिले की जिलाधिकारी वंदना सिंह के निर्देशानुसार हल्द्वानी शहर को अधिक हरित एवं सौंदर्यपूर्ण बनाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत कर दी गई है। इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर कुल 1000 पेड़ लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।


अभियान के प्रथम चरण में नैनीताल रोड पर 200 पौधों का रोपण किया जा रहा है। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वृक्षारोपण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है, जिसके लिए गड्ढे खोदने से लेकर पौधों को लगाने तक की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


विशेष प्रजातियों के होंगे पौधे
शहर के सौंदर्यीकरण और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इस अभियान में ब्रश रेड, चंपा, फाइकस, बॉटल पाम, गुलमोहर और मोल्सरी जैसे आकर्षक और उपयोगी वृक्षों को शामिल किया गया है। इन पौधों से न केवल पर्यावरण को लाभ पहुंचेगा, बल्कि शहर की सड़कों और चौराहों की खूबसूरती भी बढ़ेगी।
प्रशासन ने यह भी बताया है कि जहां अधिक स्थान उपलब्ध होगा, वहां पाकड़ और पीपल जैसे बड़े छायादार वृक्ष भी लगाए जाएंगे। इन पेड़ों से क्षेत्र में हरियाली के साथ-साथ गर्मियों में राहगीरों को छाया भी मिल सकेगी।

जनभागीदारी को मिल रहा बढ़ावा
नगर निगम द्वारा स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और स्कूल-कॉलेज के छात्रों को भी इस अभियान में जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे जन जागरूकता और भागीदारी को प्रोत्साहन मिले।
हरियाली के साथ जागरूकता का संदेश
वृक्षारोपण अभियान शहर को प्रदूषण मुक्त, हरा-भरा और आकर्षक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि यह केवल एक सौंदर्यीकरण की प्रक्रिया नहीं, बल्कि सस्टेनेबल डेवलपमेंट की दिशा में सामूहिक प्रयास है।

