
स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

एमबीपीजी कॉलेज छात्रसंघ चुनाव में मतदान समाप्त होने के बाद कॉलेज गेट पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल के समर्थकों के बीच कहासुनी और तनाव की स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि मतदान खत्म होने के बाद दोनों पक्षों के समर्थक कॉलेज गेट के बाहर आमने-सामने आ गए। कुछ ही देर में नारेबाजी और तीखी बहस होने लगी, जिससे मौके पर मौजूद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।


स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों के समर्थकों को वहां से खदेड़ा और भीड़ को अलग-अलग किया। इसके बाद कॉलेज गेट के आसपास सुरक्षा और सख्त कर दी गई।


आर्यन बेलवाल इस बार निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे हैं। बताया जाता है कि एबीवीपी से टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया था।


आर्यन बेलवाल के समर्थन में एबीवीपी से जुड़े कुछ पूर्व छात्र नेताओं के सामने आने से चुनाव पहले ही चर्चा में रहा। इसके चलते एबीवीपी के आधिकारिक प्रत्याशी और आर्यन खेमे के बीच चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प बना हुआ था।

मतदान के दौरान भी दोनों पक्षों के समर्थक अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में सक्रिय दिखाई दिए। दोपहर तक दोनों खेमों की ओर से मतदान को लेकर उत्साह और अपने पक्ष में अच्छे समर्थन के दावे किए जाते रहे।




मतदान समाप्त होने के बाद समर्थकों के आमने-सामने आने से कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला आगे बढ़ने से रोक लिया गया।
पुलिस ने कॉलेज गेट और आसपास के क्षेत्र में समर्थकों को अनावश्यक रूप से जमा नहीं होने दिया। मतगणना को देखते हुए पुलिस बल को अलर्ट रहने और किसी भी विवाद की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

अब सभी की नजर मतगणना और परिणाम पर टिकी है। मतदान समाप्त होने के बाद बढ़ी तनातनी के बीच प्रशासन की चुनौती है कि मतगणना और परिणाम घोषणा की प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कराई जाए।

