
स्थान : रानीबाग(हल्द्वानी)
ब्यूरो रिपोर्ट

79 यूके बटालियन एनसीसी, नैनीताल के तत्वावधान में आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC) का समापन समारोह 29 सितंबर 2026 को गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। शिविर में कुमाऊं क्षेत्र के विभिन्न एनसीसी संस्थानों से बड़ी संख्या में कैडेट्स ने भाग लिया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सीआरपीएफ काठगोदाम के डीआईजी किशोर प्रसाद मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सीआरपीएफ काठगोदाम ग्रुप मुख्यालय के कमांडेंट लीलाधर महारानिया उपस्थित रहे।



इस अवसर पर ग्रुप मुख्यालय नैनीताल के एडम ऑफिसर कर्नल अमित भारद्वाज भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिविर के दौरान कैडेट्स द्वारा किए गए प्रदर्शन और अनुशासन की सराहना की।


शिविर में कुमाऊं क्षेत्र के विभिन्न एनसीसी संस्थानों से कुल 530 कैडेट्स, एएनओ और अन्य स्टाफ ने प्रतिभाग किया। कैंप कमांडेंट कर्नल अविजित मेहता और डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल गौरव थापा के मार्गदर्शन में शिविर का संचालन किया गया।



प्रशिक्षण शिविर के दौरान कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण, अनुशासन, ड्रिल, नेतृत्व और टीम भावना से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला।

कैडेट्स को शारीरिक दक्षता, अनुशासित जीवनशैली और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से कई प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। अधिकारियों ने कैडेट्स को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने और राष्ट्र सेवा की भावना बनाए रखने का संदेश दिया।




शिविर के दौरान रिपब्लिक डे कैंप (RDC) के लिए कुमाऊं क्षेत्र की टीम के चयन की प्रक्रिया भी आयोजित की गई। विभिन्न मानकों के आधार पर योग्य कैडेट्स का चयन किया गया।

इसके साथ ही एडवांस लीडरशिप कैंप, मलोट पंजाब के लिए भी कैडेट्स का चयन किया गया। चयनित कैडेट्स अब आगामी राष्ट्रीय स्तर की एनसीसी गतिविधियों और नेतृत्व प्रशिक्षण में हिस्सा लेंगे।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि और अन्य अधिकारियों ने कैडेट्स के अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य की एनसीसी गतिविधियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

