
रिपोर्टर- रिहान ख़ान
स्थान -हल्द्वानी
मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए हल्द्वानी नगर निगम ने आज से विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की। अभियान की शुरुआत नगर निगम के मेयर गजराज बिष्ट और नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने स्वयं झाड़ू उठाकर की, जिससे स्वच्छता के प्रति जागरूकता का स्पष्ट संदेश दिया गया।


इस सफाई अभियान की शुरुआत कालूसिद्ध मंदिर से लेकर मुखानी चौराहा और सिंधी चौराहा तक की गई। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी, सफाई कर्मचारी, और अन्य कर्मचारीगण भी अभियान में सक्रिय रूप से शामिल रहे।

नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि “मानसून के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या से निपटने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। नालियों की पूरी तरह से सफाई की जाएगी और उनके आसपास की झाड़ियां तथा कचरा हटाया जाएगा, ताकि पानी की निकासी में किसी भी प्रकार की रुकावट न आए।”


उन्होंने बताया कि यह अभियान केवल एक दिन का नहीं, बल्कि लगातार चलने वाला अभियान होगा, जिसमें शहर के हर वार्ड को कवर किया जाएगा। नगर निगम का उद्देश्य है कि मानसून से पहले हर गली, हर चौराहा साफ हो और जलभराव की समस्या न्यूनतम स्तर पर लाई जा सके।

मेयर गजराज बिष्ट ने कहा कि “यह पहल न केवल स्वच्छता के प्रति एक ज़िम्मेदारी है, बल्कि जनता को भी यह प्रेरणा देती है कि वे भी शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें।”
नगर निगम की इस पहल की स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने सराहना की है और उम्मीद जताई कि यह अभियान शहर को स्वच्छ, सुंदर और जलभराव-मुक्त बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
