

रिपोर्ट – राजू सहगल
स्थान – किच्छा

खबर उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से आ रही है।


उधम सिंह नगर जिला अंतर्गत किच्छा कोतवाली क्षेत्र में हरिद्वार से पैदल गंगाजल लेकर लौट रहे कांवरिया को बाइक ने टक्कर मार दी। घटना में कांवरिया गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गुस्साए कांवरियों ने किच्छा रुद्रपुर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया।


सैकड़ो की संख्या में पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कांवरियों ने राजमार्ग पर जाम लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना के चलते सैकड़ो की संख्या में मौके से गुजर रहे वाहन जाम में फंस गए।


घटना की सूचना मिलते पर उप जिला अधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, तहसीलदार गिरीश चंद्र त्रिपाठी, कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने गुस्साए कांवरियों को शांत करने के प्रयास शुरू कर दिए। कांवरियों ने आरोप लगाया कि उधम सिंह नगर जिले में प्रशासन द्वारा व्यवस्था में लापरवाही किए जाने के चलते कांवरियों को यात्रा में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

करीब 3 घंटे के प्रयास के बाद अधिकारियों के आश्वासन के पश्चात कांवरियों ने जाम खोल दिया और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। पुलिस के अनुसार आरोपी बाइक सवार को गिरफ्तार कर लिया गया है और प्राथमिक उपचार के बाद घायल कांवरिया भी घर वापसी के लिए रवाना हो गए हैं।


