आचार्य मुकुंदानंद पहुंचे राजपुर के शिव मंदिर, पलायन रोकने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर

आचार्य मुकुंदानंद पहुंचे राजपुर के शिव मंदिर, पलायन रोकने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर

स्थान : मसूरी
ब्यूरो रिपोर्ट

ज्योतिर्मठ के जगद्गुरु शंकराचार्य के शिष्य आचार्य मुकुंदानंद 21 दिवसीय शंकराचार्य संदेश यात्रा के तहत उत्तराखंड भ्रमण पर हैं। इसी क्रम में आचार्य मुकुंदानंद मसूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजपुर स्थित शिव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर शिवलिंग का दुग्धाभिषेक किया।

मंदिर पहुंचने पर स्थानीय श्रद्धालुओं और उनके शिष्यों ने आचार्य मुकुंदानंद का भव्य स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आचार्य से आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके साथ कई शिष्य भी मौजूद रहे।

उत्तराखंड भ्रमण के दौरान आचार्य मुकुंदानंद प्रदेश के विभिन्न तीर्थस्थलों और धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। इस यात्रा के माध्यम से उत्तराखंड की धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रचार-प्रसार के साथ ही धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा।

आचार्य मुकुंदानंद ने कहा कि उत्तराखंड में पलायन की समस्या को कम करने के लिए धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देना आवश्यक है। देशभर से आने वाले तीर्थयात्रियों को प्रदेश के विभिन्न तीर्थस्थलों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकें।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के प्रत्येक गांव को जगद्गुरु शंकराचार्य के मठ से जोड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत स्वयं जगद्गुरु शंकराचार्य उत्तराखंड के विभिन्न गांवों का भ्रमण करेंगे और स्थानीय लोगों से जुड़कर धार्मिक एवं आध्यात्मिक चेतना को बढ़ावा देंगे।

आचार्य मुकुंदानंद ने गौ संरक्षण के मुद्दे पर भी अपनी बात प्रमुखता से रखी। उन्होंने कहा कि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए जगद्गुरु शंकराचार्य की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से इस दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की।

गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर आचार्य मुकुंदानंद ने कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि यदि सत्ता में बैठे लोग गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा नहीं देते हैं तो गौ रक्षक सरकार को सत्ता से हटाने के लिए प्रयास करेंगे।

आचार्य मुकुंदानंद ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश में ऋषि परंपरा और कृषि परंपरा का संरक्षण करना होगा। इन दोनों परंपराओं को मजबूत करके ही भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में आगे बढ़ सकता है।

21 दिवसीय श्री शंकराचार्य संदेश यात्रा के माध्यम से उत्तराखंड की धार्मिक विरासत, सनातन संस्कृति, गौ संरक्षण, स्थानीय रोजगार और पलायन जैसे महत्वपूर्ण विषयों को जनमानस तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। आचार्य मुकुंदानंद आगामी दिनों में प्रदेश के अन्य धार्मिक एवं तीर्थस्थलों का भी भ्रमण करेंगे।