

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महिला सशक्तिकरण और युवाओं को प्रोत्साहित करने की पहल के क्रम में नगर पालिका लोहाघाट की ओर से पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा के दिशा-निर्देशन में महिला एवं बाल सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दर्जा राज्यमंत्री सुभाष बगौली, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल माहरा और भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतीश चंद्र पांडे ने किया। समारोह में जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने भी प्रतिभाग किया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने जिलाधिकारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।




समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि सीमांत क्षेत्र के युवाओं का प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सरकारी सेवाओं में चयन होना क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने बच्चों की सफलता में माता-पिता के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।


इस अवसर पर जिलाधिकारी ने उपस्थित मतदाताओं को स्वतंत्र, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान करने की शपथ दिलाई। साथ ही समारोह में विभिन्न सरकारी पदों पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को सम्मानित किया गया। सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण देने वाले पूर्व सैनिक मनोज करायत को भी उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।



जिलाधिकारी ने नगर पालिका के विशेष स्वच्छता कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देने वालों को स्मृति चिह्न भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इसके अलावा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त कर लोहाघाट क्षेत्र का गौरव बढ़ाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

महिला एवं बाल सम्मान समारोह के दौरान महिलाओं के लिए मटका फोड़, रस्साकशी, चम्मच दौड़, मैदा-ताश, आना-किस्सा, सुई-धागा दौड़, कुर्सी दौड़, बाल्टी-बॉल और बिंदी लगाने सहित विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। महिलाओं ने प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।



वहीं, बच्चों के लिए चित्रकला, फैंसी ड्रेस, प्रश्नोत्तरी और स्वच्छता सर्वेक्षण से संबंधित प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में नौनिहालों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। नगर पालिका की ओर से सभी विजेता प्रतिभागियों के साथ ही बुजुर्ग महिलाओं एवं मातृशक्ति को सम्मानित किया गया।


नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य मातृशक्ति और बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों को प्रोत्साहित करने के साथ ही उनकी प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना ऐसे आयोजनों की प्राथमिकता है।
पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा ने समारोह को सफल बनाने के लिए सभी सहयोगियों, मातृशक्ति एवं क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। समारोह का संचालन शांभवी मुरारी एवं जीवन गहतोड़ी ने किया। महिला सशक्तिकरण, युवा प्रोत्साहन और प्रतिभाओं के सम्मान को समर्पित इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।

