

स्थान : लोहाघाट (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर लोहाघाट नगर क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए निर्माणाधीन सरयू लिफ्ट पेयजल योजना का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शुक्रवार को स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजना के लिए कार्यस्थल पर लाए गए पाइपों की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल किए जाने वाले पाइपों के गेज, मोटाई और गुणवत्ता को बारीकी से परखा। उन्होंने कार्यदायी संस्था जल निगम के अधिकारियों को निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।




डीएम मनीष कुमार ने जल निगम के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि पाइपों का आवश्यक गुणवत्ता परीक्षण कराया जाए। परीक्षण की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बाद ही पाइपों का निर्माण कार्य में इस्तेमाल किया जाए, ताकि योजना की गुणवत्ता और दीर्घकालिक उपयोगिता सुनिश्चित हो सके।


जिलाधिकारी ने बताया कि सरयू लिफ्ट पेयजल योजना मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चंपावत जनपद की प्रमुख योजनाओं में शामिल है। योजना के लिए आवश्यक धनराशि आवंटित की जा चुकी है और वर्तमान में निर्माण कार्य प्रगति पर है।


लगभग 84 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य लोहाघाट नगर क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाना है। योजना के पूर्ण होने से नगरवासियों को पेयजल समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जल निगम के अधिकारियों को निर्माण सामग्री एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी के कारण निर्माण कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए और कार्य निरंतर जारी रहना चाहिए।



जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्माण के प्रत्येक चरण में निविदा में निर्धारित तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए योजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष जोर दिया।


डीएम मनीष कुमार ने कहा कि सरयू लिफ्ट पेयजल योजना की प्रगति और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की नियमित समीक्षा की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ योजना का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लोहाघाट नगर की पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में सरयू लिफ्ट पेयजल योजना को एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। योजना के धरातल पर उतरने से नगर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होने के साथ ही स्थानीय लोगों को बेहतर पेयजल सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

