चम्पावत में विकास परियोजनाओं ने पकड़ी रफ्तार, डीएम ने टनकपुर-पूर्णागिरि और चूका क्षेत्र का किया निरीक्षण

चम्पावत में विकास परियोजनाओं ने पकड़ी रफ्तार, डीएम ने टनकपुर-पूर्णागिरि और चूका क्षेत्र का किया निरीक्षण

स्थान : टनकपुर (चंपावत)
ब्यूरो रिपोर्ट

जनपद को आदर्श जिले के रूप में विकसित करने की दिशा में टनकपुर, मां पूर्णागिरि और चूका क्षेत्र में विभिन्न विकास एवं पर्यटन परियोजनाओं पर कार्य तेजी से जारी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को विभिन्न निर्माणाधीन और प्रस्तावित योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने 237.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन आईएसबीटी टनकपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। आईएसबीटी के निर्माण से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने के साथ परिवहन व्यवस्था, पर्यटन और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

इसके बाद जिलाधिकारी ने 107.35 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे शारदा घाट पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घाट को बेहतर ढंग से विकसित करने तथा सभी कार्य गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

डीएम ने किरोड़ा नाला में निर्माणाधीन सेतु और मां पूर्णागिरि यात्रा मार्ग के बाटनागाड़ क्षेत्र में चल रहे सुरक्षा एवं विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बरसात और यात्रा सीजन को ध्यान में रखते हुए मार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए।

मां पूर्णागिरि धाम में करीब 45 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन रोपवे परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।

मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत ककराली गेट से मां पूर्णागिरि धाम तक करीब 20 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 8.10 करोड़ रुपये की लागत से लगाई जा रही आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइट का भी निरीक्षण किया गया। डीएम ने कहा कि परियोजना पूरी होने से श्रद्धालुओं को रात के समय सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन में मदद मिलेगी।

जिलाधिकारी ने 4.57 करोड़ रुपये की लागत से रणकोची मंदिर में चल रहे पुनर्निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों के साथ चूका क्षेत्र में 1.87 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे हेलीपैड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने चूका में वेडिंग डेस्टिनेशन प्वाइंट, एनएचपीसी गेस्ट हाउस और अन्य पर्यटन सुविधाओं की प्रगति का भी जायजा लिया।

डीएम मनीष कुमार ने सभी संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ तय समय में योजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने धार्मिक पर्यटन के साथ ईको टूरिज्म और साहसिक पर्यटन की संभावनाओं को भी विकसित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।