ओवररेटिंग की शिकायत पर लालकुआँ-हल्दूचौड़ की शराब दुकानों में छापेमारी

ओवररेटिंग की शिकायत पर लालकुआँ-हल्दूचौड़ की शराब दुकानों में छापेमारी

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अन्सारी

शराब की दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक दाम वसूलने की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने लालकुआँ और हल्दूचौड़ क्षेत्र में शराब की दुकानों पर अचानक छापेमारी की। कार्रवाई का नेतृत्व उपजिलाधिकारी रेखा कोहली और तहसीलदार ईश्वर सिंह भीमा ने किया।

प्रशासन की टीम ने विभिन्न शराब दुकानों पर पहुंचकर बिक्री व्यवस्था की जांच की। इस दौरान शराब के निर्धारित मूल्य, बिक्री से संबंधित अभिलेख और दुकान में उपलब्ध अन्य जरूरी दस्तावेजों को खंगाला गया।

लालकुआँ स्थित देशी शराब की दुकान पर ओवररेटिंग की शिकायत की वास्तविकता जांचने के लिए प्रशासन ने विशेष तरीका अपनाया। राजस्व विभाग के एक कर्मचारी को ग्राहक बनाकर दुकान पर शराब खरीदने भेजा गया।

आरोप है कि दुकान पर तैनात सेल्समैन ने शराब की निर्धारित कीमत से पांच रुपये अधिक वसूले। कर्मचारी द्वारा इसकी जानकारी अधिकारियों को दिए जाने के बाद प्रशासन की टीम ने मौके पर जांच आगे बढ़ाई।

इसके बाद अधिकारियों ने दुकान से संबंधित बिक्री अभिलेख और अन्य जरूरी दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया। टीम ने दुकान संचालन और मूल्य संबंधी रिकॉर्ड का भी निरीक्षण किया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और जांच में अनियमितता मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी के दौरान लालकुआँ के साथ हल्दूचौड़ क्षेत्र की शराब दुकानों पर भी रिकॉर्ड और मूल्य सूची की जांच की गई। प्रशासन की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हलचल रही।

अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित दुकान के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।