डीएवी सेंटेनरी स्कूल हल्द्वानी में ‘रन फॉर डीएवी’ मैराथन का आयोजन

डीएवी सेंटेनरी स्कूल हल्द्वानी में ‘रन फॉर डीएवी’ मैराथन का आयोजन

लोकेशन :- हल्द्वानी
रिपोर्टर :- संजय जोशी

महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल हल्द्वानी में ‘रन फॉर डीएवी’ मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। मैराथन का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, शारीरिक फिटनेस और खेल भावना के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक नमन करने के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित जोशी ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन दौड़ का शुभारंभ किया।

विद्यार्थियों की आयु और क्षमता को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगिता को जूनियर और सीनियर वर्ग में आयोजित किया गया। जूनियर वर्ग के लिए तीन किलोमीटर जबकि सीनियर वर्ग के लिए पांच किलोमीटर की दौड़ निर्धारित की गई थी।

जूनियर वर्ग में कक्षा 4 से कक्षा 7 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। बालक वर्ग में मानस बजेठा ने प्रथम, गौरव ने द्वितीय और मोहित सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में निकिता प्रथम, रोहांशी चौधरी द्वितीय और निवृति तृतीय स्थान पर रहीं।

सीनियर वर्ग में कक्षा 8 से कक्षा 12 तक के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। बालक वर्ग में करन सिंह ने प्रथम, गौरव कश्यप ने द्वितीय और मेहुल गोस्वामी ने तृतीय स्थान हासिल किया।

सीनियर बालिका वर्ग में दीपिका पांडे ने प्रथम, भावना उप्रेती ने द्वितीय और महिमा लोहनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दौड़ पूरी होने के बाद दोनों वर्गों के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों के साथ शीर्ष दस में शामिल विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य अमित जोशी ने कहा कि जीवन में शैक्षणिक प्रगति के साथ शारीरिक रूप से स्वस्थ और अनुशासित रहना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ‘स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क’ के विचार को अपनाकर युवा देश के विकास में बेहतर योगदान दे सकते हैं।

मैराथन के दौरान विद्यालय के शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों ने रूट पर विद्यार्थियों की सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।