सेलाकुई हत्या का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

सेलाकुई हत्या का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

स्थान : विकासनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

सेलाकुई क्षेत्र में हुई हत्या की वारदात का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी और मृतक एक-दूसरे के परिचित थे और जमनपुर स्थित एक ही बिल्डिंग में किराये पर रहते थे।

पुलिस के अनुसार 21 सितंबर की देर रात जमनपुर क्षेत्र में राजपाल नाम के युवक को चाकू मारने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से सुभारती अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मृतक के परिजनों की तहरीर पर सेलाकुई थाने में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी जितेंद्र कुमार की बेटी का पहला जन्मदिन था। इस अवसर पर उसके घर पर जन्मदिन की पार्टी आयोजित की गई थी, जिसमें राजपाल को नहीं बुलाया गया था।

पुलिस का कहना है कि पार्टी में न बुलाए जाने को लेकर राजपाल और जितेंद्र के बीच विवाद हो गया। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों के बीच पूर्व में शराब के नशे के दौरान हुए विवाद को लेकर रंजिश चली आ रही थी।

आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों के बीच कहासुनी और मारपीट हुई। पुलिस के मुताबिक इसी दौरान राजपाल ने जितेंद्र को थप्पड़ मार दिया, जिससे जितेंद्र आक्रोशित हो गया।

पुलिस के अनुसार गुस्से में जितेंद्र ने चाकू से राजपाल के सीने पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजपाल वहीं गिर पड़ा, जबकि आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सुरागरसी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी जितेंद्र कुमार को 22 सितंबर को मेंटल हॉस्पिटल रोड, सहसपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने घटना के संबंध में जानकारी दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।