किच्छा प्रकरण के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पूर्व विधायक का पुतला फूंका

किच्छा प्रकरण के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, पूर्व विधायक का पुतला फूंका

स्थान : किच्छा
ब्यूरो रिपोर्ट

किच्छा नगर पालिका चुनाव की मतगणना से संबंधित स्टॉक रूम के निरीक्षण के दौरान कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ कथित मारपीट के विरोध में बुधवार को विकासनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव शम्मी प्रकाश के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला का पुतला दहन किया।

कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर करीब तीन बजे पहाड़ी गली चौक पर एकत्र हुए। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए किच्छा की घटना को लेकर विरोध जताया और मामले में कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने कथित मारपीट की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही कानून-व्यवस्था के मुद्दे को लेकर भी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव शम्मी प्रकाश ने कहा कि विधायक तिलक राज बेहड़ मतगणना स्थल से जुड़े स्टॉक रूम का निरीक्षण करने पहुंचे थे। कांग्रेस का आरोप है कि इसी दौरान पुलिस की मौजूदगी में उनके साथ अभद्रता और मारपीट की गई।

शम्मी प्रकाश ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में किसी निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ इस प्रकार की घटना गंभीर विषय है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने आरोप लगाया कि किच्छा नगर पालिका चुनाव के दौरान चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि चुनाव से जुड़े पूरे घटनाक्रम की पारदर्शी जांच होनी चाहिए, जिससे वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग से भी मामले का संज्ञान लेने की मांग की। उनका कहना था कि मतगणना और चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए आवश्यक है और किसी भी शिकायत की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

मंडी समिति के पूर्व सभापति एवं कांग्रेस नेता विपुल जैन ने कहा कि चुनाव में हार और जीत लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि किसी भी पक्ष द्वारा मतगणना या चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास गंभीर मामला है और किच्छा प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव राजीव शर्मा, पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष समीर अंसारी, जिला सचिव अभिषेक गर्ग, वैभव गुप्ता, असद खान, रिंकू कनोजिया, फाइम अंसारी, शिवली जैदी, फुरकान अहमद, साजिद, नौशाद अली, राहुल वर्मा, अलीम, विशाल प्रजापति, ऋषभ चौहान, रोहित रतूड़ी, बंटी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।