
स्थान : हरिद्वार
ब्यूरो रिपोर्ट

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत हरिद्वार में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण कराया जा रहा है। मेला अधिकारी सोनिका के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने तकनीकी टीम और थर्ड पार्टी संस्था के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान भगत सिंह चौक और ऋषिकुल चौराहे के आसपास बनाए जा रहे फुटपाथों की गुणवत्ता और एलाइनमेंट की जांच की गई। अधिकारियों ने निर्माण सामग्री, कार्य की प्रगति और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य किए जाने की स्थिति का जायजा लिया।



टीम ने साक्षी सतनाम घाट और अमरापुर घाट क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि घाट निर्माण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसी भी स्तर पर तकनीकी खामी न छोड़ी जाए।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि कुंभ मेले के लिए कई स्थायी निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। इनकी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के लिए टेक्निकल सेल के साथ थर्ड पार्टी निरीक्षण टीम भी लगातार स्थलीय जांच कर रही है।


उन्होंने कहा कि थर्ड पार्टी निरीक्षण का प्रमुख उद्देश्य निर्माण के दौरान ही कमियों को चिह्नित कर उन्हें समय रहते दूर करना है। यदि निर्माण पूरा होने के बाद खामियां सामने आती हैं तो उनके सुधार में अतिरिक्त समय और संसाधन लगते हैं, इसलिए प्रत्येक चरण पर तकनीकी निगरानी की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन फुटपाथों का एलाइनमेंट निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए। भगत सिंह चौक और ऋषिकुल क्षेत्र में निर्माण कार्य से संबंधित विवरण का बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि संबंधित परियोजना की जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हो सके।



सीडीओ ने कहा कि कुंभ मेला क्षेत्र में चल रहे अन्य निर्माण कार्यों का भी इसी तरह नियमित तकनीकी निरीक्षण किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और कमियां सामने आने पर उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा।
कुंभ मेला प्रशासन पहले ही सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित समयसीमा और गुणवत्ता मानकों का पालन करने के निर्देश दे चुका है। निर्माण कार्यों की प्रगति की बहुस्तरीय निगरानी की जा रही है, जबकि विभिन्न परियोजनाओं का थर्ड पार्टी ऑडिट भी कराया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उप मेला अधिकारी आकाश जोशी, कुंभ मेला से जुड़े तकनीकी अधिकारी, इंजीनियर, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि और थर्ड पार्टी तकनीकी टीम मौजूद रही। अधिकारियों का कहना है कि कुंभ से पहले सभी प्रमुख कार्यों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्राथमिकता है।

