बाजपुर में अवैध SIM Box रैकेट का भंडाफोड़, 114 सिम के साथ आरोपी गिरफ्तार

बाजपुर में अवैध SIM Box रैकेट का भंडाफोड़, 114 सिम के साथ आरोपी गिरफ्तार

स्थान : बाजपुर
ब्यूरो रिपोर्ट

उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर कुमाऊं यूनिट ने प्रदेश में पहली बार SIM Box के जरिए संचालित किए जा रहे कथित अवैध टेलीकॉम गेटवे का भंडाफोड़ किया है। बाजपुर के मुड़िया क्षेत्र में ईदगाह के पास एक मकान पर दबिश देकर एसटीएफ ने मुरादाबाद निवासी 24 वर्षीय कादिर को गिरफ्तार किया।

एसटीएफ के अनुसार आरोपी के कब्जे से दो 32-स्लॉट SIM Box, 77 एंटीना, 114 एयरटेल सिम कार्ड, इंटरनेट राउटर, सैमसंग मोबाइल फोन, नेटवर्क केबल, एडॉप्टर, फाइबर वायर, मीडिया कन्वर्टर समेत कई टेलीकॉम और डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं। इन उपकरणों का इस्तेमाल विदेशी कॉल को भारतीय मोबाइल नंबर के रूप में दिखाने में किया जा रहा था।

जांच एजेंसियों के मुताबिक SIM Box तकनीक के जरिए विदेशों और इंटरनेट आधारित VoIP कॉल को भारतीय मोबाइल नेटवर्क की स्थानीय कॉल में बदला जाता था। इससे कॉल रिसीव करने वाले के मोबाइल पर विदेशी नंबर के बजाय भारतीय नंबर दिखाई देता था और वास्तविक कॉलर की पहचान तथा लोकेशन छिपाने में मदद मिलती थी।

एसटीएफ का दावा है कि आरोपी करीब सात महीने से यह अवैध नेटवर्क संचालित कर रहा था। शुरुआती जांच में इसके तार बांग्लादेश में मौजूद साइबर अपराधियों से जुड़े होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को SIM Box उपकरण भी बांग्लादेश से जुड़े लोगों की ओर से उपलब्ध कराए गए थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अवैध टेलीकॉम गेटवे का इस्तेमाल डिजिटल अरेस्ट, फर्जी पुलिस या सरकारी अधिकारी बनकर ठगी, बैंकिंग फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों में किया जा सकता है। कॉल भारतीय नंबर से दिखाई देने के कारण पीड़ित के लिए असली स्रोत की पहचान करना मुश्किल हो जाता है।

एसटीएफ के अनुसार लंबे समय से संदिग्ध टेलीकॉम गतिविधियों को लेकर इनपुट जुटाए जा रहे थे। दूरसंचार विभाग के साथ समन्वय कर तकनीकी जानकारी विकसित करने के बाद टीम को बाजपुर क्षेत्र में अवैध SIM Box संचालित होने की जानकारी मिली, जिसके आधार पर छापेमारी की गई।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कादिर पूर्व में भी इसी तरह के अपराध में पकड़ा जा चुका है। एसटीएफ के मुताबिक वर्ष 2023 में उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में उसे इसी प्रकृति के मामले में गिरफ्तार किया गया था और जेल से जमानत पर बाहर आने के बाद उसने दोबारा गतिविधियां शुरू कर दी थीं।

अब जांच एजेंसियां बरामद 114 सिम कार्ड से की गई कॉल का रिकॉर्ड खंगाल रही हैं। आरोपी के बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन, विदेशी संपर्कों और बड़ी संख्या में सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इससे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

एसटीएफ अधिकारियों का कहना है कि SIM Box जैसी तकनीक का इस्तेमाल कर पहचान छिपाने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ तकनीकी और साइबर फोरेंसिक संसाधनों की मदद से कार्रवाई जारी रहेगी। इस मामले में नेटवर्क के अन्य सदस्यों और संभावित विदेशी कनेक्शन की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।