
स्थान : रामनगर
ब्यूरो रिपोर्ट

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने रामनगर विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को कांग्रेस कार्यालय में ब्लॉक, नगर और मालधन कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की रणनीति पर चर्चा की गई।

पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रणजीत सिंह रावत ने कहा कि पार्टी रामनगर विधानसभा क्षेत्र में जनजागरण अभियान चला रही है। इसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता गांव और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं को पार्टी के मंच पर प्रमुखता से उठाएंगे।



रावत ने शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हुई है। रामनगर के सरकारी अस्पताल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिस अस्पताल पर कभी दूर-दराज के क्षेत्रों के लोग भी निर्भर रहते थे, वह अब कथित तौर पर रेफर सेंटर बनकर रह गया है।

खनन के मुद्दे पर भी रणजीत रावत ने सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों के रोजगार का प्रमुख माध्यम रहा खनन कारोबार धीरे-धीरे बड़े कारोबारियों और बाहरी ठेकेदारों के प्रभाव में जा रहा है। उन्होंने कोसी नदी में बड़े दस टायरा वाहनों के संचालन का दावा करते हुए कहा कि इससे स्थानीय खनन कारोबारियों के हित प्रभावित हो रहे हैं।


पूर्व विधायक ने जमीन से जुड़े मामलों को भी जनजागरण अभियान का प्रमुख मुद्दा बताया। उन्होंने नजूल वर्ग 10(ख), वर्ग तीन और वर्ग चार सहित विभिन्न श्रेणियों की भूमि पर मालिकाना हक से जुड़े मामलों को उठाते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों के सामने अपने मकान और जमीन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
रावत ने दावा किया कि रामनगर शहर का बड़ा हिस्सा नजूल भूमि से जुड़े मामलों से प्रभावित है। उन्होंने कहा कि जमीनों के स्वामित्व, प्राधिकरण और नियमितीकरण से संबंधित समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता प्रभावित लोगों के बीच जाएंगे और उनकी मांगों को प्रशासन तथा सरकार के सामने उठाएंगे।




कांग्रेस नेता ने बेरोजगारी, महंगाई, बिजली कटौती, बिजली दरों और स्कूलों से जुड़े विषयों को भी अभियान का हिस्सा बनाने की बात कही। उन्होंने कहा कि पार्टी केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि लगातार जनता के बीच जाकर इन मुद्दों पर संवाद करेगी और स्थानीय स्तर की समस्याओं को संगठन के माध्यम से आगे बढ़ाएगी।
बैठक में बूथ कमेटियों को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और प्रत्येक क्षेत्र में जनसंपर्क मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर लोगों के संपर्क में रहने और स्थानीय समस्याओं की जानकारी संगठन तक पहुंचाने को कहा। बैठक में कार्यकर्ताओं ने भी संगठन की मजबूती को लेकर सुझाव रखे।

बैठक को अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए एकजुट होकर संगठन के लिए काम करने का आह्वान किया। बैठक में ब्लॉक कांग्रेस, नगर कांग्रेस, मालधन कांग्रेस सहित विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

