
स्थान : भीमताल
ब्यूरो रिपोर्ट

ओखलकांडा ब्लॉक के दूरस्थ ग्रामसभा कैड़ागांव-कुकना के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है। कैड़ागांव हाईस्कूल का इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण कर दिया गया है और विद्यालय में कक्षा 11वीं की पढ़ाई भी शुरू हो गई है। मंगलवार को कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने उच्चीकृत विद्यालय का उद्घाटन किया।

क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से विद्यालय को इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकृत करने की मांग कर रहे थे। स्थानीय लोगों के अनुसार हाईस्कूल के बाद विद्यार्थियों को इंटर की पढ़ाई के लिए जंगल और दुर्गम रास्तों से करीब 15 किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। इससे खासकर छात्राओं को आगे की पढ़ाई जारी रखने में कठिनाई होती थी।


ग्रामीणों ने पूर्व में मंत्री राम सिंह कैड़ा के सामने विद्यालय के उच्चीकरण की मांग रखी थी। कैड़ा ने बताया कि उन्होंने यह मांग मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष रखी, जिसके बाद विद्यालय के इंटरमीडिएट स्तर पर उच्चीकरण को स्वीकृति मिली। अगस्त में कैड़ागांव समेत क्षेत्र के कई हाईस्कूलों के उच्चीकरण की मंजूरी दी गई थी।


उच्चीकरण के बाद विद्यालय में छात्र-छात्राओं के प्रवेश के साथ कक्षा 11वीं की पढ़ाई शुरू हो गई है। इससे अब स्थानीय विद्यार्थियों को इंटरमीडिएट शिक्षा के लिए दूर-दराज के विद्यालयों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।


उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया। लोगों ने विद्यालय के उच्चीकरण के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार जताया तथा कहा कि इससे क्षेत्र के बच्चों, विशेषकर छात्राओं को बड़ी राहत मिलेगी।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और शिक्षा मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि बच्चों को शिक्षा के लिए अनावश्यक रूप से दूर न जाना पड़े और स्थानीय स्तर पर ही बेहतर अवसर उपलब्ध हों।




इस अवसर पर मंत्री कैड़ा ने बहुउद्देशीय शिविर एवं जनता दरबार का भी आयोजन किया। विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, राजस्व और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं। कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए गए।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो। इसी उद्देश्य से न्याय पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार जिला या तहसील मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
विद्यालय के उच्चीकरण से कैड़ागांव-कुकना और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर इंटरमीडिएट शिक्षा की सुविधा मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पढ़ाई बीच में छोड़ने की समस्या कम होगी और छात्राओं को भी आगे की शिक्षा जारी रखने में सुविधा मिलेगी।

